रांची
झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स के पीडियाट्रिक सर्जरी सुपर स्पेशियलिटी विंग में भर्ती गढ़वा की महज18 दिन की नवजात को कोरोना पॉजिटिव पाये जाने पर घरवाले छोड़ कर भाग गए थे।
चार दिन पहले लाख कोशिशों के बावजूद जब नवजात के माता-पिता वापस नहीं आये, तो रिम्स के डॉक्टरों ने अपने दम पर उसकी जान बचाने का संकल्प लिया। इसमें डॉक्टरों को कुछ स्वयंसेवी संगठनों का भी साथ मिला। सोमवार को नवजात के आंत का डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर दिया। फिलहाल नवजात डॉक्टरों के ऑब्जेर्वशन में है.
पेडिएट्रिक सर्जन डॉ अभिषेक रंजन ने बताया कि बच्ची का आंत जन्म से ही सड़ा हुआ था। सर्जरी कर बड़ी आंत के सड़े हुए भाग को काट कर हटा दिया गया, और बायपास बना दिया गया है। नवजात की स्थिति अभी भी गंभीर है। उसको 48 घंटे के ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। डॉक्टर के अनुसार सबकुछ ठीक रहा तो नवजात के स्वस्थ्य होने पर एक बार फिर सर्जरी कर आंत को पूरी तरह दुरूस्त कर दिया जाएगा।