रांची।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ दर्ज शिकायतवाद पर एक बार फिर सुनवाई टल गई है।
सब जज वन वैशाली श्रीवास्तव की अदालत ने सुनवाई के लिए अब पांच सितंबर की तारीख निर्धारित की है। इससे पहले मामले में पांच अगस्त को सुनवाई होनी थी। इसे आगे बढ़ा कर 22 अगस्त किया गया था। हालांकि, किसी कारणवश आज भी सुनवाई नहीं हो सकी। और अब पांच सितंबर की तारीख़ मुकर्रर की गई है।
साेशल मीडिया पर अनर्गल बयानबाजी और छवि धूमिल करने को लेकर को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गोड्डा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के खिलाफ चार अगस्त को रांची सिविल कोर्ट में शिकायतवाद दर्ज कराया था।
हेमंत सोरेन ने सांसद निशिकांत दुबे के साथ-साथ फेसबुक और ट्विटर को भी पार्टी बनाया है। तीनों के खिलाफ 100-100 करोड़ रुपये मानहानि का दावा किया गया है।
मालूम हो कि बीते कई दिनों से सांसद निशिकांत और सीएम हेमन्त के बीच सोशल मीडिया पर जंग चल रहा था। सांसद ने हेमन्त पर ट्विटर व फ़ेसबुक के ज़रिए कई आरोप लगाये थे। जिसके जवाब में हेमंत ने कहा था कि इसका कानूनी जवाब दिया जाएगा। हालांकि इस दौरान जेएमएम द्वारा भी निशिकांत पर कई तरह के आरोप लगाए गए।