जमशेदपुर।
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर तरुण पांडेय ने खुद को गोली मार ली है। बताया जाता है, कि एएसआई गोलमुरी पुलिस लाइन के एक फ्लैट के तीसरी मंजिल पर अपनी पत्नी के साथ रहता था। पहले वह कांस्टेबल था और हाल ही में एएसआई के पद पर प्रोन्नत हुआ था। प्रोन्नति के बाद वह ड्यूटी कर रहा था, लेकिन कुछ दिनों से होम क्वारन्टीन में था।
बताया जाता है कि एएसआई की बीते जून महीने में ही शादी हुई थी। तरुण पांडेय एक बेहतरीन खिलाड़ी भी था, और इस स्पोर्ट्स कोटे से उसकी पुलिस विभाग में बहाली हुई थी।सोमवार दोपहर अचानक पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जहां विवाद बढ़ने के बाद उसने प्राइवेट रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। वही गोली की आवाज सुनते ही उसकी पत्नी चिल्लाने लगी जहां पत्नी की आवाज सुनने के बाद पड़ोसी दौड़े और उसे लहूलुहान हालत में टाटा मुख्य अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि एएसआई ने रिवाल्वर से अपने ही सिर पर गोली मार ली थी, जिस कारण उसे बचाया नहीं जा सका। वही गोलमुरी पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। इधर घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर के एसएसपी और सिटी एसपी समेत तमाम पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं, और पत्नी से पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि घटनाक्रम को लेकर अब तक आधिकारिक जानकारी पुलिस की ओर से नहीं दी गई है। वैसे सार्जेंट मेजर भी क्वारन्टीन में हैं, जिस कारण पुलिस लाइन में अफरा-तफरी मची हुई है।