सारठ/देवघर।
देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र अंतर्गत सबेजोर पंचायत के हेट करहैया गांव में कुएं से एक नाबालिग छात्रा की नग्न अवस्था में लाश बरामद की गयी। छात्रा की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक कुएं से करीब 300 मीटर की दूरी पर ही छात्रा का घर है। छात्रा के पिता ने बताया कि रात को वह अपनी छोटी बहन के साथ सोई हुई थी। पास की चारपाई पर उसके दादा सोए हुए थे। इसी बीच सुबह करीब चार बजे दादा की नींद खुली तो छात्रा अपने बिस्तर पर नहीं थी। बच्ची को आवाज लगाई तो कोई जबाव नहीं आया। जिसके बाद हो-हल्ला व घर के अन्य सदस्यों को जानकारी दी गयी। परिजनों ने घर व आसपास खोजबीन किया, लेकिन कुछ नहीं पता चला। गांव के लोगों को भी जानकारी दी गई। काफी छानबीन के बाद कुएं में उसका शव मिला।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी सदलबल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव नग्न हालत में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। फिर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है ताकि मौत का कारण स्पष्ट हो जाए। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।