रांची।
झारखंड में हुए राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव का परिणाम आ गया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रत्याशी शिबू सोरेन और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी दीपक प्रकाश ने बाज़ी मारी है।
भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश को 31 और झामुमो प्रत्याशी शिबू सोरेन को 30 मत प्राप्त हुए। तीसरे उम्मीदवार कांग्रेस के शहजादा अनवर को मात्र 18 वोटों ही मिले। भाजपा से राज्यसभा पहुंचने वाले दीपक प्रकाश पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
जानकारी हो कि 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में फिलहाल 79 विधायक हैं। दो जगह से चुनाव जीतने वाले राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी एक सीट खाली कर दी है। वहीं धनबाद के बेरमो से विधायक राजेंद्र सिंह का कुछ समय पहले ही निधन हो गया था। राज्य में फिलहाल 79 विधायक हैं और सभी ने राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्दलीय परिमल नाथवानी और राष्ट्रीय जनता दल के प्रेमंचद्र गुप्ता का कार्यकाल पूरा होने के बाद झारखंड की दो राज्यसभा सीटें खाली हुई थीं। इन दोनों सीट के लिए सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शिबू सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया था जबकि बीजेपी से झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश प्रत्याशी थे। वहीं कांग्रेस ने शहजादा अनवर पर दांव लगाया था। जिसमे शिबू सोरेन और दीपक प्रकाश राज्यसभा पहुंचने में कामयाब हुए हैं।