जमशेदपुर।
भारत-चीन सीमा परगलवान घाटी में शहीद हुए झारखंड के वीर सैनिक गणेश हांसदा शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। अपने वीर जवान को अंतिम विदाई देने सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। सैनिकों का शव गांव में पहुंचते ही भारत माता की जय और वीर सैनिक अमर रहे के नारे गूंजने लगे।
कोसाफालिया गांव में शहीद गणेश हांसदा का शव हेलीकॉप्टर से लाया गया। वहां से सेना के वाहन में लेकर पूरे गांव में घुमाया गया। सेना के ट्रक के पीछे हजारों की संख्या में लोग शहीद गणेश हांसदा अमर रहें , वंदे मातरम आदि नारा लगाते चल रहे थे। इसके बाद शहीद का शव उनके घर के आंगन में लेकर जवान पहुंचे और परिजन को सौंपा। कोसाफालिया गांव में मुख्य सड़क और सभी घरों के सामने तिरंगा लगाया गया था। श्रद्धांजलि देने आने वालों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिहाज से चूना का गोल घेरा बनाया गयाा था।
शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए सांसद विद्युतवरण महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, भाजपा नेता डा. दिनेशानंद गोस्वामी, दिनेश साव, भरत सिंह, जिप सदस्य जगन्नाथ महतो, देवयानी मुर्मू, सरोज महापात्र, झामुमो नेता असित मिश्रा, आदित्य प्रधान समेत काफी संख्या में लोग यहां पहुंचे।