पाकुड़।
लॉकडाउन के दौरान गरीब और बेसहारा लोगों के सामने खाने का संकट आ गया है। जिसे निपटने के लिए देश की खाकी मैदान पर आ गई है जो न सिर्फ लोगों को कानून का पालन करवा रही है बल्कि बेसहारा लोगों की मदद भी कर रही है।
पाकुड़ नगर थाना प्रभारी रामचंद्र सिंह ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर की रहने वाली गंगा देवी ने फोनकर कहा कि मेरा बेटा कमाने के लिए केरल गया है।लेकिन लॉकडाउन के कारण काम बंद है। इस लिए बेटा रुपया भेज नही पा रहा है। खाने के लिए एक दाना तक घर में नही है। इसके बाद गंगा को एक माह के लिए चावल,आटा, दाल, आलू, पियाज,नमक आदि दिया गया है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा अगर किसी तरह की कोई भी दिक्कत हो तो सीधे संपर्क करें,पुलिस मदद करेगी।
वहीं कूड़ापाडा की रहने वाली फातिमा ने थाना प्रभारी को बताया कि रोजा शुरू होने वाला है,खाने के लिए कुछ भी नही हैं। इसपर थाना प्रभारी ने उन्हें भी चावल, दाल, आटा, आलू, पियाज और नमक उपलब्ध कराया है।
बता दें कि लॉकडाउन के दिनों में पुलिस का दूसरा रूप सामने आ रहा है,जो किसी फरिश्ते से कम नही है। पुलिस वाले का हाथ बेसहारा और भूखे लोगों के लिए खाने की थाली थामे एक मिसाल पेश कर रहा है। एसपी से लेकर थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मी भी मिसाल पेश कर रहे हैं।