देवघर।
23वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेकर अपना सफल प्रदर्शन कर लौटे ए.एस महाविद्यालय के छात्रों का प्राचार्य डॉ अनिल कुमार झा ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
युवा महोत्सव 12 से 16 जनवरी 2020 तक लखनऊ में आयोजित किया गया था। जिसमें काॅलेज के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन का लक्ष्य युवा में देश के प्रति प्रेम एवं आस्था भरकर उन्हें देश के विकास की धारा में जोड़ना था। ए.एस महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के राजेंद्र कुमार साह, पल्लवी भारती ,नीरज कुमार, अतुल कुमार एवं साक्षी कुमारी ने हिस्सा लिया। जिसमें राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त राजेंद्र कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मौके पर प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय के छात्र जब अपना परचम लहराते हैं तब महाविद्यालय परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि हर क्षेत्र में हमारे बच्चे अच्छा से अच्छा प्रदर्शन करते हैं और शुभकामना है कि भविष्य में और अच्छा करेंगे।
कार्यक्रम पदाधिकारी भारती प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना अपने स्वयंसेवकों को बहुआयामी मंच प्रदान करता है । हमारे महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने लखनऊ जाकर ना सिर्फ सफल प्रदर्शन किया अपितु विभिन्न राज्यों की संस्कृति का ज्ञान भी प्राप्त किया जो उन्हें भविष्य में सच्चा राष्ट्रभक्त बनने में निश्चय ही सहायक सिद्ध होगा।
झारखंड की टीम ने युवा उत्सव में सांस्कृतिक झांकी में दूसरा स्थान एवं पेंटिंग में तीसरा स्थान प्राप्त किया। झारखंड टीम को जिसमें विभिन्न विद्यालयों के स्वयंसेवक थे, रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सम्मानित किया।