देवघर।
विधानसभा चुनाव, 2019 के निमित्त विधि व्यवस्था के संदर्भ में अंतरराज्यीय बैठक परिसदन देवघर में आयोजित की गयी। बैठक में विधि व्यवस्था संधारण के दृष्ट्रिकोण से अनके महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी।
बैठक में उपस्थित गिरिडीह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने गिरीडीह जिला से सटे बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में विधि व्यवस्था के संदर्भ में आवश्यक जानकारी दी एवं शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराने हेतु मदद की अपील की। उन्होंने कहा कि गिरीडीह जिला अंतर्गत 12 एवं 16 दिसम्बर को मतदान की तिथि निर्धारित है। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सीमावर्ती क्षेत्रों में भी आवश्यक है, ताकि वहां के आम निवासी भी स्थिति से अवगत रहे एवं विधि व्यवस्था में उनका सहयोग मिल सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, देवघर नैन्सी सहाय ने बांका एवम जमुई जिला से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों के संदर्भ में विधि व्यवस्था के प्रश्न पर आवश्यक विमर्श किया एवं मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु राज्य की सीमा से लगे बिहार के प्रशासनिक एवम पुलिस पदाधिकारियों से मदद की अपील की। उन्होंने जानकारी दी कि देवघर जिला अंतर्गत आगामी 16 एवं 20 दिसम्बर को चुनाव सम्पन्न होने हैं। सभी प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ऐसे में सीमावत्र्ती क्षेत्रों के निवासियों को भी मतदान की तिथियों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे भी प्रशासनिक सहयोग के लिए मानसिक रूप से तैयार रह सके।
पुलिस अधीक्षक, देवघर नरेन्द्र कुमार सिंह ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवम भयमुक्त वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय से इसे पूरा किया जा सकता है। बैठक में जिला एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित थे।