देवघर।
वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग झारखंड सरकार के सौजन्य से देवघर प्रमंडल द्वारा दिघरिया पहाड़ पर वन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन गोड्डा लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने किया।
सांसद निशिकांत दुबे ने वृक्षारोपण कर सभी से पेड़ लगाने की अपील की। मौके पर मौजूद स्कूली छात्रों से सांसद ने अपने पूरे जीवन काल मे एक हज़ार पेड़ को लगाने को कहा। सांसद निशिकांत ने कहा कि पेड़ रहेगा तभी हम आप जिंदा रह पाएंगे। देवघर शहर जैसे ड्राई ज़ोन इलाके में पानी की समस्या को दूर करने के लिए पेड़ लगाना जरूरी है। पर्यावरण को बचाने का एकमात्र रास्ता पेड़ ही है।
सांसद ने कहा कि पेड़ लगाकर आने वाले पीढ़ी के लिए हम बेहतर पर्यावरण उन्हें विरासत के रुप में दे सकते हैं। सांसद ने कहा कि 130 करोड़ देशवासी अगर एक भी पेड़ लगाएंगे तो देश में 130 करोड़ पेड़ लग जायेंगे और अगर सभी एक हज़ार पेड़ लगाएंगे तो करोड़ो पेड़ से पर्यावरण संरक्षित और सुरक्षित हो जायेगा।
सांसद ने बायो डाइवर्सिटी पार्क का भी जायज़ा लिया। डीएफओ ने बताया कि पार्क में विश्व के सभी कैक्टस, बांस और मेडिसिनल प्लांट लगाने की योजना पर कार्य चल रहा है। जो पर्यटकों के लिए मनमोहक तो होगा ही यहां के बच्चों के लिए भी काफी कुछ सिखने मिलेगा।