देवघर।
देवघर उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सारवां प्रखंड के बनवारिया,बनडबरा के साथ विभिन्न गांवों में क्राॅप कटिंग के प्रयोगों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को उपायुक्त ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में बतलाया एवं किसानों से कृषि एवं अन्य आवश्यक संसाधनों से सम्बन्धित समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी प्राप्त कर समाधान के लिए सुझाव देने और कृषकों से कृषि कार्य में आधुनिक तकनीकियों के उपयोग करने की बात कही।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि में किसानों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ मिले इसका ध्यान रखें। साथ ही कृषक मित्र, उद्यान मित्र, मत्स्य मित्र को गांव-गांव भर्मण कर किसानों को आधुनिक खेती करने हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया।
अवलोकन के क्रम में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने खेतों में जाकर क्राॅप कटिंग के कार्यों का अवलोकन कर बतलाया कि क्राॅप कटिंग के प्रयोगों के आधार पर हीं फसलों के औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किये जाते हैं। क्राप कटिंग प्रयोगों से प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर क्षति, क्षतिपूर्ति एवं फसल बीमा की राशि की गणना की जाती है। साथ ही इन आकड़ों का प्रयोग कर तहसीलवार उत्पादन का आंकलन कर प्रदेश स्तर व देश में विभिन्न फसलों के उत्पादन और समर्थन मूल्य की गणना की जाती है।
क्राॅप कटिंग को लेकर दो तरीके की पद्धति अपनायी जाती है, पहला मैनुअली व दूसरा सी0सी0ई0 एग्री एप्प के माध्यम से की जाती है। उन्होंने आगे बतलाया कि देवघर जिला अन्तर्गत प्रत्येक पंचायत के दो-दो गांवों में क्राॅप कटिंग की जा रही है। इस प्रकार कुल 194 पंचायतों में 388 गांवों के 776 खेतों में क्राॅप कटिंग की जा रही है।
अवलोकन के क्रम में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने ग्रामीणों से सवांद करते हुए कहा कि आज के युग में खेती में तकनीक जुड़ गई है। इसे अपनाएंगे तो काफी लाभ होगा। आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर ही किसानों की आय को बढ़ाया भी जा सकता है। जब आधुनिक खेती से आप सब सब जुड़ेंगे तो निश्चित रूप से कृषि के क्षेत्र में क्रांति आएगी। कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ किसानों की आय को भी दुगना किया जा सकता है।
आज सरकार द्वारा उन्नत खेती को बढ़ावा देने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं को चला रही है, इन योजनाओं के साथ साथ हमें कृषि के आधुनिक व वैज्ञानिक तरीके को अपनाने की जरूरत हैं। सरकार कई किसानों को विदेशों में भेजकर उन्नत खेती के गुण सीखा रही है।
इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सरकार की ओर से दिए जा रहे कृषि से संबंधित सभी योजनाओं के बारे में शत प्रतिशत जानकारी व लाभ किसानों तक पहुचाने का निर्देश दिया। मौके पर जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला सांख्यकी पदाधिकारी के साथ संबंधित सभी अधिकारी मौजूद थे।