गिरिडीह।

एक गायब महिला का शव पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है।

बताया गया कि बिरनी थाना क्षेत्र के खाखी पीपर गांव में पिछले 3 दिनों से एक विवाहिता गायब थी। महिला के परिजन लगातार उसकी खोजबीन में जुटे थे। इस बीच थाने में भी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। लेकिन महिला का कोई सुराग नही लगा। रविवार की सुबह अचानक गांव के ही एक गड्ढे में महिला का शव पाया गया। घटना को लेकर जितने मुंह उतनी बातें होने लगी।
दरअसल, महिला का बाल कटा हुआ पाया गया. जिससे इसे तंत्र-मंत्र के लिए हत्या से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि महिला की हत्या उसके मायके में हुई है फिर भी मायका पक्ष हत्या का आरोप विवाहिता के ससुराल पक्ष पर लगा रहा है। मायका पक्ष का कहना है कि ससुराल वालों ने ही इसे अगवा कर इसकी हत्या कर शव को गांव में ही फेंक दिया है।
फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की पड़ताल कर रही है। बहरहाल,मामला फिलहाल पुलिस के जांच के दायरे में है जांच के बाद ही पता चल पाएगा की असल माजरा क्या है लेकिन तब तक कयासों का दौर चलेगा और इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म रहने वाला है।