जामताड़ा।
जामताड़ा के नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूता की मौत के बाद लोगों ने डॉ पर लापरवाही का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया।
दरअसल, मनीषा खातून नामक एक 35 वर्षीय गर्भवती महिला को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। उक्त महिला को एक स्वस्थ बच्चा पैदा हुआ लेकिन इसके बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने बिना अनुमति के ही महिला का बंध्याकरण कर दिया। महिला का बंध्याकरण करने के बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजन काफी आक्रोशित हो गए और डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
परिजनों का कहना था कि डॉक्टर ने बिना अनुमति के ही महिला का बंध्याकरण कर दिया तथा बंध्याकरण करने में लापरवाही बरती गई है। काफी हंगामा बढ़ जाने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे जामताड़ा के एसडीओ नवीन कुमार और जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। लोग चिकित्सक पर हत्या का मामला दर्ज करने और मुआवजा की मांग कर रहे थे।