गिरिडीह:
गांडेय बीडीओ गोलीकांड का उद्भेदन गिरिडीह पुलिस ने महज एक सप्ताह के अंदर ही कर लिया है। कांड के मास्टरमाइंड दासडीह मुखिया और उसके प्रेमिका समेत चार अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
बता दें कि अपराधियो ने बीडीओ प्रभाकर मिर्धा समेत दो लोगो को गोली मार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया था। लेकिन एसपी सुरेंद्र झा के मजबूत सूचना तंत्र के कारण एक सप्ताह के अंदर ही मामले का पटाक्षेप हो गया। इस बावत एसपी सुरेन्द्र झा ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी गांडेय द्वारा उन दोनों व्यक्तियों को थाना से पुलिस आने तक रुकने के लिए जब कहा गया तब उक्त दोनों युवक अपने-अपने कमर से पिस्तौल निकालकर इन सब पर फायर करने लगे जिसमें प्रभाकर मिर्धा प्रखंड विकास पदाधिकारी गांडेय और आजाद मंडल गोली लगने से जख्मी हो गए.
इस संबंध में थाना कांड संख्या 87 / 18 के तहत अनुसंधान प्रारंभ किया गया. एफ एस एल की टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी को गोली लगने के कारण यह मामला काफी हाई प्रोफाइल था. जिस कारण कांड के उदभेदन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया।
अनुसंधान के क्रम में इस घटना में जख्मी आजाद मंडल की पत्नी और गांडेय प्रखंड के दासडीह पंचायत मुखिया हरि मंडल के बीच करीब छह वर्षो से प्रेम-प्रसंग होने की बात पायी गयी।
दोनों के द्वारा सीताराम मंडल के माध्यम से दो शूटर को आजाद मंडल की हत्या के लिए ढाई लाख का सुपारी दिया गया। दोनों शूटरों के द्वारा गांडेय ब्लॉक परिसर में संध्या करीब 8:30 बजे गोली चलाने की घटना की गयी।
मामले में संलिप्त दासडीह के पंचायत मुखिया हरि मंडल, सीताराम मंडल, आजाद मंडल की पत्नी और एक शूटर सुधीर कुमार को रामगढ़ से गिरफ्तार किया गया। इन सबके बताए अनुसार इस कांड में प्रयुक्त 2 पिस्तौल,4 राउंड गोली, मोटरसाइकिल मोबाइल ज़ब्त किया गया।