गिरिडीह।
गांडेय गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस महकमा पूरे हरकत में नजर आ रहा है। मामले की जांच के लिए स्वंय हजारीबाग ज़ोन के डीआईजी पंकज कंबोज गांडेय पहुंचकर पूरे मामले की पड़ताल की।
गांडेय से लौटकर डीआईजी पंकज कंबोज गिरिडीह पुलिस लाइन में प्रेस से भी मुखातिब हुए। यहां उन्होंने कहा कि मामला बेहद पेचीदा और संवेदनशील है। घटनास्थल की जांच के बाद कई तरह के तथ्य उभरकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जांच पड़ताल में ब्लॉक परिसर का एक क्वार्टर संदेह के दायरे में है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से उस क्वार्टर में एंटी सोशल लोगों की आवाजाही रही है और उस क्वाटर में अवांछित गतिविधियां संचालित होती रही हैं। क्वाटर जांच के बाद बीयर की बोतल एंव गांजा आदि बरामद किया गया। इन्हीं गतिविधियों में शामिल लोगों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है।
इसे भी पढ़े: गांडेय बीडीओ को मारी गोली, बीडीओ समेत दो गंभीर, अज्ञात हमलावरों ने चलायी अंधाधुन गोली
उन्होंने कहा कि बीडीओ ने पुलिस बल की सहायता ना लेकर स्थानीय लोगों से अवांछित तत्वों के खिलाफ मदद ली। जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है। अगर वक्त रहते उन्होंने थाने को इस मामले से अवगत कराया होता तो शायद घटना टल सकती थी। डीआईजी ने कहा कि अभी कई अन्य तथ्य भी है जिस का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। फिलहाल एफ एस एल टीम घटनास्थल पर नमूनों का परीक्षण कर रही है।
अंत में उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच एक विशेष टीम गठित कर की जा रही है, जिसमें एसडीपीओ मनीष टोप्पो डीएसपी वन पी के मिश्रा आदि शामिल है। टीम के जांच रिपोर्ट के बाद ही नतीजा निकाला जाएगा। यहां प्रेस वार्ता में एस पी सुरेंद्र कुमार झा समेत अन्य कई पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।