गिरिडीह।
महज 7 दिनों के अंदर ही गिरिडीह पुलिस ने इसरी बाजार डकैती कांड का उद्भेदन कर लिया है। मामले में कुल 8 शातिर बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
नगदी व लूट के सामानों की बरामदगी भी पुलिस ने कर ली है। इसी संदर्भ में शनिवार को पुराना पुलिस लाइन में एसपी सुरेंद्र झा ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी। मौके पर डीएसपी पीके मिश्र, इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार राम समेत अन्य कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
बताया गया कि पिछले दिनों निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार में सुधीर कुमार माथुर के घर में अपराधियों ने डाका डाला था। इस घटना में हथियारबंद अपराधियों ने नगदी जेवरात व अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया था। एसपी सुरेंद्र झा अपने मजबूत सूचना तंत्र के बदौलत इस कांड का खुलासा महज चंद दिनों में ही कर लिया।
इस बाबत एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया की गिरफ्तार अपराधियों पर डकैती, आर्म्स एक्ट समेत अन्य कई मामले पूर्व से ही दर्ज हैं और ये सभी अपराध की दुनिया के छटे हुए बदमाश हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों में ज्यादातर धनबाद के रहने वाले हैं और कांड में मास्टर माइंड राजेंद्र सिंह उर्फ राजू है।
वहीं गिरफ्तार अन्य अपराधियों में विकास साव, गुलजार अंसारी, सोबराती अंसारी, गुफरान अंसारी, मोहम्मद आफताब अंसारी, नासिर अंसारी और कारु भुईया शामिल है। कुल मिलाकर बढ़ते अपराध के ग्राफ के बीच पुलिस के लिए यह सफलता एक उपलब्धि से कम नहीं है। पुलिस टीम इस सफलता से गदगद नजर आ रही है।