रांची:
रांची में तीन लूटेरे को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. ये लूटेरे कोई मामूली नहीं है. ये वो लूटेरे हैं जो उत्तरप्रदेश से झारखंड आते हैं और यहां लूटपाट की घटना को अंजाम देते हैं. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने कई हथियार और कारतूस भी बरामद की है।
रांची के खलारी पुलिस ने कामयाबी हासिल करते हुए सड़क और घरों में लूटपाट करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।ये गिरोह दस सदस्य जो उत्तर प्रदेश से झारखंड में आकर लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया करता था। इस गिरोह ने चतरा के पिपरवार ,रामगढ़ के पतरातू और रांची के चान्हो-खलारी में आतंक मचा कर रखा हुआ था।
खलारी पुलिस इस गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। तभी गुप्त सूचना मिली की इस गिरोह का सरगना अफताब अंसारी अपने कुछ साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इसी सूचना पर थाना प्रभारी राजीव ने खलारी स्टेशन वाले रास्ते पर चेकिंग अभियान लगाया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को देख कर एक बाइक पर सवार तीन युवक भागने की कोशिश करने लगे। जिन्हें मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। पकड़े गए अपराधियों में आफताब अंसारी शामिल था। जबकि उसके दो साथी दाबीर और दानिश भी पकड़े गए। तलाशी के दौरान तीनों अपराधियों के पास से दो पिस्तौल ,पांच जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल फोन, एक चोरी की बाइक और 12 हजार नगद बरामद हुए।
अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद खलारी थाना प्रभारी ने बताया कि यह गिरोह बड़े ही शातिर तरीके से लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार अफताब लूटपाट को अंजाम देने के बाद हवाई जहाज से दिल्ली चला जाता था और वहाँ से यूपी के बदायूं। बदायूं में आफताब की बहन रहा करती है. इस दौरान आफताब लूट के गहने और पैसे ठिकाने लगाने के बाद वापस रांची लौटा आता था और फिर लूट की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार यह लोग हवाई जहाज का इस्तेमाल इसलिए करते थे ताकि इन पर किसी को शक ना हो।
पुलिस के अनुसार 2017 में इस गिरोह ने चान्हो घाटी में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद जनवरी 2018 में भी इस गैंग ने पिपरवार में एक घर से 9 लाख की डकैती की थी। जबकि रामगढ़ के पतरातू में एक घर से 5 लाख लूट लिए थे. हालांकि अभी भी इस गिरोह के कई सदस्य फरार चल रहे हैं. पुलिस गिरफ्तार अपराधियों के निशानदेही पर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।