पलामू:
भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर आएंगे। गृह मंत्रालय की ओर से गृहमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है।
कार्यक्रम के अनुसार आज दोपहर 1.35 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से हेलीकॉपटर से उड़ान भरेंगे। वे मेदिनीनगर चियांकी हवाई अड्डा पर दोपहर 2.35 बजे पहुंच जाएंगे। 2.40 में हवाई अड्डा से प्रस्थान करेंगे। वे 2.50 बेलवाटीका स्थित अपने ससुराल पहुंचेगे। यहां वे अपनी सास के ब्रह्माभोज कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम पर गौर करें तो लगभग एक घंटा गृह मंत्री राजनाथ सिंह मेदिनीनगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर पर रहेंगे। 3.50 बजे वे अपने ससुराल से हवाई अड्डा के लिए रवाना होंगे। 4 बजे चियांकी हवाई अड्डा पहुंचेगे। यहां से 4.05 बजे रांची के लिए रवाना होंगे।
इधर, गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन काफी मुस्तैद है। चियांकी, रेड़मा से लेकर बेलवाटीका चौक तक शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। साथ ही साथ सादे लिवास में भी कई पुलिसकर्मी इधर से उधर तैनात दिख रहे हैं।
पलामू के डीसी अमित कुमार और एसपी इंद्रजीत महथा खुद गृहमंत्री के कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं। मालूम हो कि 29 अप्रैल की शाम केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की 94 वर्षीय सास समुद्री देवी का बेलवाटिका स्थित आवास पर निधन हो गया था।