नवादा: बिहार और झारखंड के बार्डर पर फुलवरिया डैम में बुधवार सुबह 4 लाश बरामद की गयी है। चार शव एक साथ दिखने से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। बरामद लाश एक महिला, 2 लड़की और एक लड़के की है। मामला नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के हल्दिया गांव का है। चारों की लाश पर जख्म के निशान हैं। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है अपराधियों ने चारों की हत्या कर लाश को डैम में फेंक दिया।
वहीं, डैम में लाश होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को डैम से बाहर निकलवाया। लोगों से पहचान के लिए कहा, लेकिन वे पहचान नहीं कर पाए। पुलिस के अनुसार आशंका है कि हत्या कर चारों की लाश को यहां फेंका गया हो। पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मृत महिला की लाश के पास से पुलिस ने एक मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जांच की जा रही है। मोबाइल से कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं। एक आशंका यह भी है कि अपराधियों ने चारों की हत्या कहीं दूसरी जगह पर करके लाशों को डैम में लाकर फेंक दिया।